लखनऊ, 02 जून (यूएनएस)। राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात सोमवार रात से मंगलवार सुबह के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कमलापुर गांव निवासी मनोज कुमार की बिजनौर-बंथरा रोड पर सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के गेट नंबर-3 के सामने लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। मनोज कुमार ने बताया कि वह सोमवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मनोज कुमार दुकान पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान में रखे लगभग 10 किलोग्राम चांदी के आभूषण, करीब 200 ग्राम सोने के गहने और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद गायब थे। चोर शटर तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
बिजनौर के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक आनंद द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए हैं, जिससे जांच में कुछ कठिनाई आ रही है। हालांकि पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।
