बरेली/लखनऊ, 22 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर की कार्यशैली में सुधार होगा तो सरकार की छवि स्वतः बेहतर होगी। उन्होंने किसानों और आमजन को अनावश्यक परेशान न करने तथा जनप्रतिनिधियों का सम्मान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की उपज की खरीद नियमानुसार हो और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने खेतों से निजी उपयोग के लिए मिट्टी निकालने वाले किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे सरकार की छवि धूमिल हो।
बैठक में उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को भी आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने की हिदायत दी। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को जागरूक करने के लिए निशुल्क हेलमेट वितरण अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए केशव मौर्य ने सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता और महिला कांवड़ियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने नाथ नगरी के प्रमुख स्थलों की आकर्षक सजावट कराने और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (RED) के निर्माण कार्य, बेसिक विद्यालयों में शौचालय निर्माण, हर घर जल योजना, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अमृत सरोवर परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विकास कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के माध्यम से अस्पतालों में चादर, तकिए के कवर, ओटी यूनिफॉर्म तथा विद्यालयों में दूध, फल और अन्य सामग्री की आपूर्ति की सराहना की। उन्होंने इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि स्कूल ड्रेस सिलाई का प्रशिक्षण भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को दिया जाए, ताकि उन्हें अतिरिक्त रोजगार मिल सके।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि निजी अस्पताल आयुष्मान कार्डधारकों से किसी प्रकार की अवैध वसूली न करें। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाएं।
भूमि विवादों पर सख्त रुख अपनाते हुए केशव मौर्य ने सरकारी, गोचर और चकमार्ग की भूमि पर अवैध कब्जे हटाने तथा पत्थरगड़ी हटाने वाले दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीबों को हटाने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाली ग्राम चौपालों का कैलेंडर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए और चौपाल से एक दिन पहले गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जनप्रतिनिधियों तथा मंडल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।