यूपी में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ, 8 सितंबर तक चलेगा निःशुल्क अभियान

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली से खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग नियंत्रण कार्यक्रम के आठवें चरण की शुरुआत की। 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। सरकार ने शत-प्रतिशत टीकाकरण और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं।

बरेली/लखनऊ, 22 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बुधवार को बरेली के विकास भवन से खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण कार्यक्रम के आठवें चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान से जुड़े वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पशुपालकों को जागरूक करने के साथ पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित करेंगे।

यह अभियान 22 जुलाई 2026 से 8 सितंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत गोवंश और भैंसवंश सहित पात्र पशुओं का खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का प्रमुख आधार है। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए प्रत्येक पात्र पशु का समय पर टीकाकरण कराना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए तथा किसी भी पात्र पशु को टीकाकरण से वंचित न रहने दिया जाए। साथ ही गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाकर पशुपालकों को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि वैक्सीन की गुणवत्ता, कोल्ड चेन प्रबंधन, टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग और ‘भारत पशुधन’ ऐप पर रियल-टाइम डेटा अपलोडिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की सतत निगरानी करते हुए सभी जनपदों में निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

उन्होंने कहा कि यह अभियान पशुधन संरक्षण, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *