लखनऊ, 21 मई 2026। राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में युवक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को उसके ही दोस्त ने अस्पताल ले जाने का बहाना बनाकर घर से बुलाया और पहले से घात लगाए बैठे स्कॉर्पियो सवार युवकों के हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे अगवा कर सीतापुर से कानपुर तक ले गए और रास्ते भर बेल्ट, चप्पलों और लात-घूसों से पीटते रहे।
सरोजनीनगर के गंगानगर अमौसी निवासी गिरजेश सिंह (24) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाहन चालक है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय पार्षद गीता देवी गुप्ता की गाड़ी भी चलाता है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उसके दोस्त अक्षांश सिंह ने फोन कर इमरजेंसी बताकर टीएस मिश्रा अस्पताल चलने को कहा। गिरजेश जब अक्षांश की कार में बैठा तो उसमें रणंजय प्रताप सिंह भी मौजूद था।
आंखों पर पट्टी बांध बेल्टों और लात-घूसों से किया हमला, दोस्त पर ही साजिश रचने का आरोप
पीड़ित के मुताबिक दोनों उसे अस्पताल ले जाने के बजाय चकौली स्थित आउटर रिंग रोड के पास ले गए, जहां पहले से स्कॉर्पियो में संदीप सिंह चौहान, इशांत प्रताप सिंह सेंगर और यशस्वी ललित श्रीवास्तव उर्फ यश मौजूद थे। वहां पहुंचते ही सभी ने उसे जबरन स्कॉर्पियो में डाल लिया।
गिरजेश का आरोप है कि स्कॉर्पियो में बैठाते ही उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। आरोपियों ने रिवॉल्वर दिखाकर उसे धमकाया और रास्ते भर बेल्ट, चप्पलों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसके मोबाइल से घरवालों को व्हाट्सएप कॉल करवाई और सिर पर पिस्टल तानकर कहलवाया कि उसे एसटीएफ उठाकर ले गई है। डर के कारण उसने वही बात घरवालों से कह दी।
इसके बाद आरोपी उसे सीतापुर ले गए और फिर कानपुर के एक कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की। आरोप है कि वहां भी उसे घंटों प्रताड़ित किया गया और बाद में कमरे में बंद कर आरोपी फरार हो गए।
गिरजेश ने बताया कि किसी तरह वहां मौजूद एक महिला और उसके बेटे की मदद से वह गुरुवार सुबह उन्नाव पहुंच सका। इसके बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर सरोजनीनगर थाने पहुंचे और तहरीर दी।
पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
