नितिन नबीन ने गिनाईं यूपी सरकार की उपलब्धियां, कहा- योगी राज में कानून-व्यवस्था हुई मजबूत

नितिन का 'नवीन मिशन यूपी' शुरू, 2027 में एनडीए की भारी जीत का दावा

लखनऊ, 05 जुलाई (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बदहाली, तुष्टिकरण और अराजकता से बाहर निकलकर नई पहचान बनाई है।

लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने केवल जिलों तक ही नहीं, बल्कि गांव-गांव तक माफिया और गुंडाराज को समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपराधियों का प्रभाव और जंगलराज जैसी स्थिति थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं में घर से बाहर निकलने को लेकर असुरक्षा की भावना रहती थी, जबकि आज महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार में महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश और बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज दोनों राज्य विकास के नए मानक स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकारें गरीबों के कल्याण और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, जिससे प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली है।

नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा ने देश की सांस्कृतिक विरासत और हिंदू आस्था के सम्मान के लिए लगातार कार्य किया है। उन्होंने बिहार में रामचरितमानस के कथित अपमान की घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उस समय कांग्रेस नेतृत्व मौन रहा।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके पिता पटना से कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे, जहां उन्हें दो महीने तक जेल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं ने हिंदू आस्था की रक्षा के लिए अनेक त्याग किए हैं।

अपने संबोधन के अंत में नितिन नबीन ने कहा कि उनका उत्तर प्रदेश दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा, “मैं उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारी के लिए आया हूं, शंखनाद करने आया हूं।” उनके इस बयान को भाजपा के वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *