लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का औपचारिक आगाज सोमवार को लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने 14 अगस्त को होने वाले उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए।
इस बार उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए कई विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं। प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगी। वहीं, पहली बार प्रदेश में भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी का अनूठा प्रदर्शन दर्शकों को देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन जाने-माने खेल प्रस्तोता जतिन सप्रू करेंगे।

आयोजकों ने उद्घाटन समारोह के लिए शुरुआती चरण में 4,000 रियायती टिकट जारी किए हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये निर्धारित की गई है। टिकट ‘ई-डिस्ट्रिक्ट’ ऐप पर भी उपलब्ध होंगे और इन्हें “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर खरीदा जा सकेगा।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में तेजी से नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए बताया कि लीग के समापन के बाद कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जल्द प्रदेश को समर्पित किया जाएगा, जबकि गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास पहले ही हो चुका है।
अवनीश अवस्थी ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला टी-20 लीग भी शुरू की जानी चाहिए, जिसमें शुरुआती चरण में कम से कम चार टीमें शामिल हों। उन्होंने कहा कि यदि कानपुर की टीम बनाई जाती है तो वह इसके लिए हर संभव सहयोग देंगे। इस पर यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
अपने संबोधन में अवनीश अवस्थी ने पैरा तीरंदाज शीतल देवी के संघर्ष और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शीतल देवी ने अपने अदम्य साहस और असाधारण प्रतिभा के बल पर देश का नाम रोशन किया है और वह खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
स्वागत भाषण में यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पहली बार लीग का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां उद्घाटन समारोह सहित 22 मुकाबले होंगे। इसके बाद दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में भव्य समापन समारोह के साथ खेला जाएगा।
समारोह में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, इकाना स्टेडियम के सीएमडी उदय सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी, मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।