लखनऊ, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल का शुभारंभ किया।
इस पोर्टल के माध्यम से छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों को एक साझा डिजिटल मंच पर जोड़ा जाएगा, जिससे प्लेसमेंट प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, आसान और प्रभावी बन सके।
पोर्टल पर उद्योग एवं कंपनियां अपनी रिक्तियों और रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी सीधे अपलोड कर सकेंगी। वहीं छात्र अपनी प्रोफाइल और प्रोफेशनल रिज्यूमे तैयार कर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। पोर्टल पर नौकरी से संबंधित पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि, कंपनी का विवरण और अन्य आवश्यक सूचनाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
उद्योगों के लिए विशेष डैशबोर्ड की सुविधा भी विकसित की गई है। इसके माध्यम से कंपनियां अपना पंजीकरण कर नई भर्तियों की जानकारी प्रकाशित कर सकेंगी, योग्य अभ्यर्थियों के रिज्यूमे फिल्टर कर डाउनलोड कर सकेंगी और चयनित उम्मीदवारों का विवरण भी देख सकेंगी। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित और योग्य युवाओं तक सीधे पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
छात्रों के लिए पोर्टल पर रिज्यूमे बिल्डर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसमें वे अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण, सेमेस्टरवार उपलब्धियां, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप, कौशल और कार्य अनुभव जैसी जानकारियां दर्ज कर पेशेवर रिज्यूमे तैयार कर सकेंगे। इसके बाद वे अपनी योग्यता के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों को भी इस पोर्टल पर प्लेसमेंट प्रबंधन की सुविधा मिलेगी। संस्थान छात्रों के प्लेसमेंट का रिकॉर्ड रख सकेंगे, चयनित विद्यार्थियों का विवरण देख सकेंगे, रिज्यूमे एक्सपोर्ट कर सकेंगे तथा प्लेसमेंट से जुड़े आंकड़ों का डिजिटल प्रबंधन कर सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के तकनीकी शिक्षा संस्थानों, उद्योगों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे प्लेसमेंट प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध होंगे।
योगी सरकार के अनुसार, प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।