लखनऊ, 29 जून। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मोहनलालगंज तहसील परिसर में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, बिजली संकट और बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन से पहले समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार की नीतियों का विरोध जताया। मार्च के बाद सभी कार्यकर्ता तहसील परिसर पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन में मोहनलालगंज के सांसद आर.के. चौधरी, पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर, राम लखन यादव, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निकाला मार्च, राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। उनका कहना था कि पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस, खाद और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में आ रही कठिनाइयों का भी मुद्दा उठाया।
सपा नेताओं ने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उनका आरोप था कि रोजगार के अवसर सीमित होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
धरने के दौरान क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, जर्जर सड़कों, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी सरकार की आलोचना की गई। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रही है।
पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों से समाज का हर वर्ग प्रभावित है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी और जनहित से जुड़े सवालों पर संघर्ष जारी रहेगा।
अमरपाल सिंह ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है, इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक जनसमस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक पार्टी जनता की आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के उपरांत समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, किसानों की समस्याओं के समाधान, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, बिजली आपूर्ति में सुधार, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन में राम समुझ रावत, अरुण यादव, उमेश यादव, विजय यादव, लवकुश यादव, इमरान खान, अरुणेश प्रताप सिंह उर्फ दल्लू सिंह, राम लखन यादव, अशर्फी लाल धीमान, गुड्डू यादव, सतीश गुप्ता, मोहम्मद हनीफ, संजय गौतम, शनि सिंह यादव, मनोज यादव, नितुल शर्मा, संतराम रावत, हरीशंकर रावत समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
