उत्तराखंड पीसीएस-2024 का परिणाम घोषित, जसमीत कौर बनीं टॉपर

देहरादून, 02 जून (यूएनएस)। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस)-2024 परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मंगलवार का दिन खुशियां लेकर आया। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है। इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

पीसीएस-2024 की ओवरऑल टॉपर जसमीत कौर रही हैं। उनका चयन डिप्टी कलेक्टर (एसडीएम) पद पर हुआ है। एसडीएम पद के लिए कुल नौ अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विराल शर्मा, उज्ज्वल दालाकोटि और काजल सैनी शामिल हैं।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। डीएसपी पद की मेरिट सूची में अदिति पुनेठा ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के पांच पदों पर भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार पंचायती राज अधिकारी, कार्याधिकारी जिला पंचायत और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी पदों पर एक-एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। वहीं ग्रामोद्योग अधिकारी के छह पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। उप-शिक्षा अधिकारी के पद पर सर्वाधिक 58 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने परिणाम जारी करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि वे राज्य प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आयोग ने यह भी कहा कि जिन अभ्यर्थियों को इस बार सफलता नहीं मिली है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। वे अपनी तैयारी जारी रखें और आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करें।

आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अपना विस्तृत परिणाम और चयन सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। परिणाम घोषित होने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों के घरों में जश्न का माहौल है, जबकि चयनित उम्मीदवार अब राज्य की विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभाने की तैयारी में जुट गए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *