बंगाल में भाजपा युग की शुरुआत, आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा ने हालिया विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर जीत दर्ज की और 15 वर्षों से सत्ता में रही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया।

भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में दो सीटों से जीत हासिल की, जिनमें भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को हराकर सबसे बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा भव्य समारोह

शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा। भाजपा ने इसे केवल सरकार गठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बंगाल में “नई राजनीतिक शुरुआत” के रूप में प्रस्तुत किया है।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और कोलकाता में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

टैगोर जयंती के दिन शपथ

भाजपा ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती ‘पच्चीसे बैसाख’ का दिन चुना है। पार्टी इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और बंगाली अस्मिता से जोड़कर देख रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस संदेश के जरिए यह दिखाना चाहती है कि वह बंगाल की संस्कृति और पहचान के साथ खुद को जोड़ने की कोशिश कर रही है।

विधानसभा भंग, नई सरकार का रास्ता साफ

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने हाल ही में संविधान के अनुच्छेद 174(2)(बी) के तहत 17वीं विधानसभा को भंग कर दिया था। इसके साथ ही नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। चुनाव में हार के बाद भी ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने को लेकर सख्त रुख अपनाया था, लेकिन विधानसभा भंग होने के बाद उनकी सरकार का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो गया।

भाजपा की ऐतिहासिक जीत

इस चुनाव में भाजपा ने राज्य में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। पार्टी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल करते हुए 207 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों तक सिमट गई। भाजपा इसे बंगाल में “परिवर्तन की लहर” बता रही है। वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह परिणाम राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत का संकेत है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *