केरल के अगले मुख्यमंत्री पर मंथन तेज, पर्यवेक्षकों ने खरगे को सौंपी विधायकों की राय

नयी दिल्ली। केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है। अजय माकन और मुकुल वासनिक ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को केरल कांग्रेस विधायकों की राय संबंधी रिपोर्ट सौंप दी।

दोनों पर्यवेक्षकों ने केरल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक और गठबंधन सहयोगियों से बातचीत के बाद यह रिपोर्ट तैयार की थी। रिपोर्ट सौंपने के बाद वासनिक ने सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर को लेकर सफाई भी दी।

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में मुकुल वासनिक के हाथ में एक कागज दिखाई दे रहा था, जिसमें कुछ विधायकों के नामों के आगे “केसी” लिखा नजर आ रहा था। इसे लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री पद के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।

इस पर वासनिक ने कहा कि वायरल तस्वीर को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे सही नहीं हैं और उस तस्वीर की गलत व्याख्या की जा रही है।

अजय माकन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “चार मई को चुनाव परिणाम आए थे। इसके बाद हम छह मई को केरल गए और सात मई को विधायक दल की बैठक हुई। सभी विधायकों की राय ली गई और आज रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप दी गई है।”

उन्होंने बताया कि विधायक दल की बैठक में एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसमें विधायक दल के नेता के चयन का अधिकार कांग्रेस आलाकमान को दिया गया है। इस प्रस्ताव की प्रति भी खरगे को सौंप दी गई है।

मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर माकन ने कहा कि पार्टी जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करना चाहती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन सहयोगियों की ओर से किसी नाम का सुझाव नहीं दिया गया है और अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व ही करेगा।

गौरतलब है कि केरल विधानसभा चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने शानदार जीत दर्ज की है। नौ अप्रैल को हुए चुनाव में यूडीएफ ने 140 में से 102 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को अकेले 63 सीटें मिलीं।

अब राज्य में अगले मुख्यमंत्री को लेकर पार्टी नेतृत्व के सामने कई दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। इनमें केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व आने वाले दिनों में विधायक दल के नेता के नाम की औपचारिक घोषणा कर सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *