मारुति सुजुकी में नौकरी का सुनहरा अवसर, 21-22 मई को आईटीआई अलीगंज में कैंपस प्लेसमेंट

लखनऊ, 20 मई 2026 (यूएनएस)। देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 21 और 22 मई 2026 को लखनऊ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगंज परिसर में विशाल कैंपस प्लेसमेंट अभियान आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हरियाणा स्थित कंपनी के प्लांटों के लिए फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉई (एफटीई) पदों पर चयन किया जाएगा।

राजकीय आईटीआई के प्लेसमेंट ऑफिसर एम. ए. खान ने बताया कि 21 मई को सुबह 10 बजे से अभ्यर्थियों का प्रारंभिक असेसमेंट, जिसमें लिखित और तकनीकी परीक्षा शामिल होगी, आयोजित किया जाएगा। वहीं 22 मई को चयनित उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों के लिए खरखौदा (सोनीपत) प्लांट तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए मानेसर (गुरुग्राम) प्लांट में नियुक्ति के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए लगभग 32 हजार रुपये प्रतिमाह तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 41,713 रुपये प्रतिमाह सीटीसी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। महिला अभ्यर्थियों को सब्सिडी युक्त भोजन और वर्दी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का हाईस्कूल न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही फिटर, वेल्डर, मशीनिस्ट, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, पेंटर, टर्नर, टूल एंड डाई मेकर, शीट मेटल वर्कर और ऑटो बॉडी रिपेयर जैसे मैकेनिकल ट्रेड्स में एनसीवीटी या एससीवीटी से मान्यता प्राप्त आईटीआई उत्तीर्ण होना जरूरी होगा।

अभ्यर्थियों को अपने साथ हाईस्कूल और आईटीआई की अंकतालिकाएं, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पैन कार्ड की मूल प्रति और छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।

संस्थान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निःशुल्क है। अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार के बिचौलियों या अनधिकृत व्यक्तियों से सावधान रहने की अपील की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड पर जाकर “कैरियर्स” सेक्शन के माध्यम से पूर्व पंजीकरण करने की सलाह दी गई है, ताकि चयन प्रक्रिया में भागीदारी सुगम हो सके।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *