2027 के लिए बूथ से गांव तक जुटें कार्यकर्ता, कागजों पर नहीं जमीन पर दिखे काम: नितिन नबीन

लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान शनिवार को प्रदेश संगठन को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। एयरपोर्ट से सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन के पदाधिकारी केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला प्रभारियों को भी दोटूक संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई प्रभारी अपने प्रभार वाले जिले में नियमित प्रवास या चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ है तो वह अभी से अपनी जिम्मेदारी छोड़ दे, ताकि चुनाव प्रबंधन प्रभावित न हो।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन को दिया जीत का मंत्र, जिला प्रभारियों से कहा- जिम्मेदारी नहीं निभा सकते तो पद छोड़ दें

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकारों ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए माहौल अनुकूल है, लेकिन इसे जीत की गारंटी मानकर संगठन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनके दिलों में स्थान बनाना होगा। यदि पार्टी गांव-गांव और हर बूथ तक पहुंचेगी तो जीत सुनिश्चित होगी।

नितिन नबीन ने संगठनात्मक बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक माह पहले सप्ताह में मंडल, दूसरे सप्ताह में जिला तथा महीने में एक बार प्रदेश स्तरीय बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में सभी मोर्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक माह की बैठकों, प्रवास तथा अन्य गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश महामंत्री (संगठन) को भेजी जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद सभी बूथों पर बैठक आयोजित की जाए, जबकि उससे पहले वाले रविवार को शक्ति केंद्र की बैठक हो। उन्होंने लक्ष्य रखा कि प्रदेश के शत-प्रतिशत बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित किया जाए।

सोशल मीडिया के उपयोग पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को सकारात्मक भूमिका निभाने की सलाह देते हुए कहा कि केवल व्यक्तिगत फोटो साझा करने के बजाय केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से जुड़ी कम से कम दो जानकारियां या वीडियो प्रतिदिन साझा करें। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर अनुशासन बनाए रखने की भी नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पदाधिकारी पार्टी या उसके नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक रूप से नकारात्मक टिप्पणी न करे। यदि किसी प्रकार की शिकायत हो तो उसे संबंधित नेता या मंत्री के समक्ष सीधे रखा जाए। अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दूसरे दलों से भाजपा में आए नेताओं के सम्मान की भी बात कही और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों से बचने का निर्देश दिया।

नितिन नबीन ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं है, इसलिए वे नकारात्मक राजनीति के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से आक्रामक जवाब देने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष ने भी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *