अखिलेश यादव पर टिप्पणी को लेकर महिलाओं और किन्नर सभा का प्रदर्शन, ओपी राजभर का पुतला फूंका

लखनऊ, 19 मई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी की महिला सभा और किन्नर सभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश  राजभर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

नाराज कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय के बाहर ओपी राजभर का पुतला फूंका। इसके बाद प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन में शामिल सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने नेता का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और उसके मंत्री लगातार विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सीमा राजभर ने कहा, “ओमप्रकाश राजभर को अपने विभाग और विकास कार्यों से कोई मतलब नहीं है। वह सिर्फ अनर्गल बयानबाजी कर माहौल खराब करते हैं। हमारी मांग है कि वह तत्काल अखिलेश यादव से माफी मांगें। आज हमने केवल एक पुतला फूंका है, लेकिन यदि माफी नहीं मांगी गई तो पूरे प्रदेश में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।”

प्रदर्शन में शामिल पायल किन्नर ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए समाज के नेता हैं और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ वर्तमान में सांसद भी हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर रहे व्यक्तियों के खिलाफ बयान देते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

पायल किन्नर ने कहा, “ओमप्रकाश राजभर की भाषा बेहद खराब और निंदनीय है। हम अपने नेता के खिलाफ की गई टिप्पणी का विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि वह तत्काल माफी मांगें।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *