लखनऊ | 31 जुलाई, 2026: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज़ 14 अगस्त को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। समारोह में बॉलीवुड के मशहूर गायक शंकर महादेवन, प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास, साथ ही सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
लीग के प्रचार-प्रसार को डिजिटल माध्यमों के जरिए और व्यापक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में इन्फ्लूएंसर मीट आयोजित की गई। इसमें विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और ऑनलाइन मीडिया से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में लीग की तैयारियों, डिजिटल कैंपेन और क्रिकेट प्रशंसकों तक अधिक प्रभावी पहुंच बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि वर्तमान दौर में खेलों के प्रचार-प्रसार में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य सिर्फ उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों को एक नया और रोमांचक अनुभव देना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल क्रिएटर्स के सहयोग से इस बार लीग की लोकप्रियता और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस सीजन को “इन्फ्लूएंसर्स लीग” भी कहा जा सकता है।
इन्फ्लूएंसर्स के लिए विशेष प्रतियोगिता और नकद पुरस्कार
डॉ. कपूर ने बताया कि इस बार लखनऊ और कानपुर में इन्फ्लूएंसर्स के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दोनों शहरों में प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1.5 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपये रखा गया है। इसके अलावा मैचों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रतिदिन की सर्वश्रेष्ठ पोस्ट को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। स्टेडियम में इन्फ्लूएंसर्स के लिए विशेष इन्फ्लूएंसर जोन भी बनाया जाएगा।
लेजर शो, ड्रोन शो और लाइव नैरेशन होंगे आकर्षण
उन्होंने बताया कि इस बार उद्घाटन समारोह को पहले से अधिक भव्य बनाया गया है। संगीत प्रस्तुतियों के अलावा लेजर शो, ड्रोन शो और लाइव नैरेशन कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे, जो दर्शकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेंगे।
पहली बार लखनऊ और कानपुर दोनों में होंगे मुकाबले
डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार पहली बार यूपी टी-20 लीग के मुकाबले लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इससे प्रदेश के अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में जाकर मैच देखने का अवसर मिलेगा।
फूड कार्निवाल भी रहेगा आकर्षण
दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर फूड कार्निवाल का भी आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार के व्यंजन उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम के अंत में यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लीग की थीम “खिलाड़ी यहां बनता है” है, लेकिन इस सीजन में पहली बार “क्रिकेट कंटेंट यहां बनेगा” और प्रदेश के क्रिकेट इन्फ्लूएंसर्स की एक नई टीम भी तैयार होगी।