यूपी राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप: दिव्यांश, आलिया, वामिका, मानवी और अरुणा ने लखनऊ को दिलाए स्वर्ण

केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शुरू हुई उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप के पहले दिन मेजबान लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया।

लखनऊ | 31 जुलाई, 2026: उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप के पहले दिन मेजबान लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी। दिव्यांश श्रीवास्तव, आलिया, वामिका पटेल, मानवी सिन्हा और अरुणा कुमारी ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर मेजबान जिले का खाता खोला।

42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं सीनियर क्योरगी एवं 10वीं पूमसे उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में किया जा रहा है।

यूपी राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप: दिव्यांश, आलिया, वामिका, मानवी और अरुणा ने लखनऊ को दिलाए स्वर्ण

चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ ने की। उन्होंने एसोसिएशन के सचिव राजकुमार के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक शिव कुमार शुक्ला, एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष आनंद मणि जुगरान, संयुक्त सचिव मोहित कुमार, कार्यकारिणी सदस्य हिमप्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन बालक सब जूनियर 16 किलोग्राम से कम भार वर्ग में लखनऊ के दिव्यांश श्रीवास्तव ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कानपुर के अद्वित बाजपेयी को रजत पदक मिला। बालिका सब जूनियर 18 किलोग्राम से कम वर्ग में लखनऊ की आलिया ने स्वर्ण और आरोही दुबे ने रजत पदक जीतकर मेजबान जिले का दबदबा कायम रखा। वहीं, बालिका सब जूनियर 16 किलोग्राम से कम वर्ग में वामिका पटेल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

बालिका सब जूनियर 47 किलोग्राम से कम वर्ग में मानवी सिन्हा ने स्वर्ण, गोरखपुर की दीपशिखा ने रजत तथा अलीगढ़ की अवनी और आगरा की अन्वेषा सिंह ने कांस्य पदक जीते। वहीं 51 किलोग्राम से कम वर्ग में अरुणा कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रयागराज की शरण्या द्विवेदी को रजत, जबकि लखनऊ की प्राची तिवारी और प्रयागराज की शिवांगी गौतम ने कांस्य पदक जीते।

कैडेट वर्ग के मुकाबलों में 61 किलोग्राम से कम भार वर्ग में चंदौली के अमन कुमार चौरसिया ने स्वर्ण, लखनऊ के दैविक सोनी ने रजत तथा मुरादाबाद के रिशव और महाराजगंज के प्रिंस वर्मा ने कांस्य पदक जीते। 65 किलोग्राम से कम वर्ग में रायबरेली के कुणाल उपाध्याय ने स्वर्ण, लखनऊ के आशुतोष शर्मा ने रजत तथा गाजीपुर के स्वस्तिक कुमार और अनय सिंह ने कांस्य पदक हासिल किए। वहीं 65 किलोग्राम से अधिक वर्ग में गोरखपुर के विराट प्रताप सिंह ने स्वर्ण, कौशांबी के मयंक कश्यप ने रजत तथा गाजियाबाद के टी. त्यागी और प्रयागराज के शिवम जायसवाल ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

चैंपियनशिप के पहले दिन लखनऊ के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने मेजबान जिले को मजबूत शुरुआत दिलाई, जबकि आगामी मुकाबलों में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों के बीच पदकों के लिए कड़ा मुकाबला देखने की उम्मीद है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *