लखनऊ में आरडब्ल्यूए क्रिकेट लीग का आगाज़, 10 आवासीय सोसायटियों की टीमें मैदान में उतरीं

लखनऊ, 13 जून 2026। राजधानी में खेल और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरडब्ल्यूए क्रिकेट टूर्नामेंट लीग 2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में शहर की 10 प्रमुख आवासीय सोसायटियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दो दिनों तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मैच आयोजित होंगे।

सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सिक्स2ओ क्रिकेट सेंटर में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया (एसएनआई) एवं एसएनआई स्पोर्ट्स कॉरपोरेशन के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के विनीत मिश्रा भी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. पाण्डेय ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का भी सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

आयोजन सचिव आशीष शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में रिशिता मैनहट्टन, रिशिता मलबेरी हाइट्स, सनब्रीज़, ओकास रेजीडेंसी, रिट्रीट रैप्टर्स, ओमैक्स आर-2, सेलेब्रिटी ग्रीन्स, संतुष्टि, राजवंश क्रिकेट क्लब और इंद्रप्रस्थ ग्रैंड की टीमें भाग ले रही हैं।

उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य विभिन्न आवासीय सोसायटियों के बीच आपसी सौहार्द, खेल भावना और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। साथ ही लोगों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी इसका लक्ष्य है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *