लखनऊ | 31 जुलाई, 2026: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन का अंतिम अधिकार केवल उनके पास है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस संबंध में फैलाई जा रही चर्चाएं पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं।
मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छह बिंदुओं में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी अध्यक्षता में लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कई राज्य स्तरीय बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब दो दर्जन से अधिक विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों का चयन किया जा चुका है, जबकि शेष सभी सीटों पर भी अंतिम निर्णय वही लेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी पार्टी उम्मीदवारों के चयन का अंतिम फैसला हमेशा उनके द्वारा ही किया जाता है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाएं आयोजित कर उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में कुछ सीटों पर आकाश आनंद भी पार्टी की जनसभाओं में उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।
मायावती ने कहा कि इससे पहले भी विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों और लोकसभा उपचुनावों में उनके निर्देश पर आकाश आनंद चुनाव प्रचार और जनसभाओं में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पिछले लगभग एक वर्ष से उन्हें संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए देशभर में भेजा जा रहा है और वह पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आकाश आनंद की जनसभाओं को उनके राजनीतिक कद में वृद्धि, कमी या उम्मीदवारों के चयन के अधिकार से जोड़कर देखना पूरी तरह गलत है। यह पार्टी की निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है।
बसपा सुप्रीमो ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों और भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी तत्व जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए कार्यकर्ता ऐसे दुष्प्रचार से सतर्क रहें और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।