लखनऊ, 13 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि प्रदेश में 5 हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 60 हजार से ज्यादा सहायिकाओं की भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चयन पूरी पारदर्शिता के साथ योग्यता के आधार पर किया जाएगा।
लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कर्मियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा गया है। साथ ही तीन लाख से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पोषण कार्यक्रमों और पूरक आहार वितरण में व्यापक अनियमितताएं थीं, जिससे वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता था। वर्तमान सरकार ने व्यवस्था में पारदर्शिता लाते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और नियुक्तियों को पूरी तरह मेरिट आधारित बनाया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की आंगनवाड़ियों को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। इसके तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे बच्चों और माताओं से जुड़ी सूचनाओं का डिजिटल संकलन और योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 27 हजार शिक्षा केंद्रों को आंगनवाड़ी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 137 करोड़ रुपये की लागत से नए और आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 313 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
कोरोना महामारी के दौरान आंगनवाड़ी, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में भी लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इनके योगदान को सम्मान देने और उनकी सुविधाओं में लगातार वृद्धि करने के लिए प्रतिबद्ध है।
