जो बोली से नहीं माना, वह गोली से जरूर माना – योगी  

जो बोली से नहीं माना, वह गोली से जरूर माना - योगी

कुशीनगर, 02 जून (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा-बम बनाने वालों से होती थी, जबकि आज प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और अराजकता पर प्रभावी कार्रवाई की है और “जो बोली से नहीं माना, वह गोली से जरूर मान गया।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान कुशीनगर बीमारी, भुखमरी, बेरोजगारी और माफिया राज का प्रतीक बन गया था। इंसेफेलाइटिस, खनन माफिया और किसानों के शोषण जैसी समस्याएं आम थीं, लेकिन डबल इंजन सरकार ने विकास और सुरक्षा का नया माहौल तैयार किया है। उन्होंने दावा किया कि आज जिले में करीब 90 हजार गरीबों को आवास, 3.14 लाख परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस कुशीनगर में कभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट की कल्पना तक नहीं की जा सकती थी, वहां आज मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि अब विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर का नाम बदलकर “पावागढ़” करने का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र भगवान महावीर की विरासत से जुड़कर वैश्विक पहचान प्राप्त करेगा।

राम मंदिर के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण सदियों के संघर्ष और आस्था की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद राम मंदिर बनवा सकती थी, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा राम मंदिर के विरोध में रही।

उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से अयोध्या में राम मंदिर बना, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई और उत्तर प्रदेश ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बना। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सेना दुश्मन पर ब्रह्मोस दागती है तो पाकिस्तान “बचाओ-बचाओ” चिल्लाने लगता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट वितरित किए। स्वयं सहायता समूहों को तीन करोड़ रुपये का चेक, किसानों को कृषि यंत्रों की चाबियां तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद शशांक मणि, सांसद रवि किशन, विधायक डॉ. असीम कुमार, विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *