लखनऊ, 22 जुलाई 2026 । उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन लेने आने वाले करोड़ों कार्डधारकों के लिए नई सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। अब राशन वितरण के दिन उचित दर की दुकानों पर लाभार्थियों के लिए बैठने की कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल और गुड़ या पेठा उपलब्ध कराया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था का खर्च सरकार उठाएगी और कोटेदारों को इसके लिए अलग से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
प्रदेश में वर्तमान में 3 करोड़ 65 लाख 9 हजार 224 राशन कार्डधारक हैं, जिन्हें गांव और शहरी क्षेत्रों की उचित दर की दुकानों से राशन मिलता है। सरकार को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कई स्थानों पर राशन लेने आने वाले लोगों के लिए बैठने और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं तथा कई जगह उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार भी नहीं किया जाता।
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत कोटेदार अपने यहां बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करेंगे, जिसके लिए उन्हें सरकार की ओर से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राशन वितरण के दिन कार्डधारकों को स्वच्छ पेयजल के साथ गुड़ या पेठा भी दिया जाएगा, जिसकी लागत भी सरकार वहन करेगी।
मंत्री के अनुसार, इस योजना पर राज्य सरकार का करीब 60 करोड़ रुपये वार्षिक खर्च आएगा। सरकार का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सम्मानजनक और नागरिक-केंद्रित बनाना है, ताकि लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं के साथ राशन उपलब्ध कराया जा सके।