लखनऊ, 30 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन का मजबूत आधार बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने गुरुवार को लखनऊ स्थित खादी भवन, डालीबाग में विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट व्यय, कौशल प्रशिक्षण, लंबित न्यायिक मामलों और अनुशासनिक प्रकरणों सहित विभागीय कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खादी को केवल पारंपरिक वस्त्र तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे और उपलब्ध बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग विकास सहायता योजना, गुणवत्ता सुधार और कौशल विकास कार्यक्रमों के लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर युवाओं को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
बैठक में विभागीय प्रशिक्षण केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षण केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए। छात्रावासों के सुदृढ़ीकरण, वर्षा जल संचयन, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बस्ती सहित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।
राकेश सचान ने खादी उत्पादों की ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और विपणन को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर के बिक्री केंद्रों, प्रशिक्षण संस्थानों और विभागीय परिसंपत्तियों का सर्वे कराया जाए तथा अधिक ग्राहक क्षमता वाले स्थानों पर नए खादी स्टोर स्थापित किए जाएं। उन्होंने विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी खादी उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने आगामी खादी प्रदर्शनी और महोत्सवों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा खादी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही कुशीनगर में निर्माणाधीन कॉमन फैसिलिटी सेंटर में मशीनों की खरीद और स्थापना की प्रक्रिया तेज कर समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में मंत्री ने विभाग के सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग कर शासन को अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर, विशेष सचिव जय प्रकाश भारती सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।