वाराणसी/लखनऊ, 30 जुलाई 2026 (यूएनएस)। श्रावण मास के प्रथम दिन मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ धाम और काशी कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव और बाबा काल भैरव के समक्ष प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और लोककल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रावण मास के शुभारंभ पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे सावन माह में सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता, यातायात और अन्य जनसुविधाओं की व्यवस्थाएं प्रभावी एवं निर्बाध रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा मार्गों, मंदिर परिसरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को भी कहा।
इस अवसर पर विधायक नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।