बांकीपुर एग्जिट पोल: प्रशांत किशोर को बढ़त के संकेत, भाजपा के गढ़ पर खतरे के दावे

बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के एग्जिट पोल में अधिकांश एजेंसियों ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बढ़त दिखाई है। हालांकि अंतिम फैसला 3 अगस्त को मतगणना के बाद ही होगा।

पटना | 30 जुलाई, 2026: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान समाप्त होने के बाद आए विभिन्न एग्जिट पोल में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। कई सर्वेक्षणों में दावा किया गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पारंपरिक गढ़ को बचाने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

जनमत पोल्स के एग्जिट पोल के अनुसार, जन सुराज पार्टी को 49 से 52 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 34 से 36 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 9 से 10 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है, जबकि 3 से 4 प्रतिशत वोट अन्य उम्मीदवारों के खाते में जा सकते हैं।

डीवी रिसर्च ने भी प्रशांत किशोर की जीत का अनुमान लगाया है। एजेंसी के मुताबिक जन सुराज को 43 प्रतिशत, भाजपा को 39 प्रतिशत और राजद को 15 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। एजेंसी का दावा है कि यह विश्लेषण मतदान के बाद 1,580 मतदाताओं से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है।

वहीं पोल पंडित के एग्जिट पोल में प्रशांत किशोर को रिकॉर्ड मतों से जीत मिलने का दावा किया गया है। इस सर्वे में जन सुराज को 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि भाजपा को 38 से 42 प्रतिशत और राजद को करीब 5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को हुए उपचुनाव में करीब 34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग पांच प्रतिशत कम है। इस सीट पर भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर, राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना 3 अगस्त को होगी।

बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। उनसे पहले उनके पिता नवीन प्रसाद किशोर सिन्हा भी चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2008 के परिसीमन से पहले यह सीट पटना पश्चिम के नाम से जानी जाती थी।

हालांकि, एग्जिट पोल केवल मतदान के बाद मतदाताओं के रुझानों पर आधारित अनुमान होते हैं। चुनावी इतिहास में कई बार एग्जिट पोल और वास्तविक नतीजों में बड़ा अंतर देखने को मिला है। ऐसे में बांकीपुर का अंतिम परिणाम 3 अगस्त को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *