नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आज शुरू होंगी नियमित उड़ानें, पहली यात्रा पर जाएंगे किसान और कामगार

नोएडा/लखनऊ, 16 जून (RNN)। लंबे इंतजार के बाद नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सोमवार को नियमित वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट पर सबसे पहले सुबह 8:05 बजे लखनऊ से यात्रियों को लेकर विमान उतरेगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे यहां से पहली उड़ान रवाना होगी, जिसमें एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले 170 किसान और निर्माण कार्य से जुड़े कामगार लखनऊ जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसके बाद से ही क्षेत्र के लोगों को यहां से उड़ान सेवाएं शुरू होने का इंतजार था। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार लखनऊ से आने वाली पहली उड़ान सुबह 8:05 बजे उतरने के बाद 8:35 बजे बंगलूरू के लिए रवाना होगी।

पहली उड़ान को विशेष बनाने के लिए एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों और निर्माण कार्य में योगदान देने वाले कामगारों को इसमें शामिल किया गया है। जेवर विधायक भी उनके साथ लखनऊ जाएंगे। वहां सभी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री से भेंट के बाद किसान और कामगार शाम को विमान से वापस नोएडा लौटेंगे।

11,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ एयरपोर्ट

नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से इसका निर्माण किया गया है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को वैश्विक विमानन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्रारंभिक चरण में देश के 45 शहरों के लिए लगभग 65 वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के राज्यों के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

2021 में हुआ था शिलान्यास

नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 को किया था। स्विट्जरलैंड की कंपनी ज्यूरिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट एजी को इसके विकास और संचालन का दायित्व मिला है।

पहले चरण में 1,334 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के सभी चार चरण पूरे होने के बाद यह एशिया के सबसे बड़े और दुनिया के प्रमुख हवाई अड्डों में शामिल होगा।

पहली उड़ान के साक्षी बनेंगे जनप्रतिनिधि और कारोबारी

सोमवार को एयरपोर्ट पर उतरने वाली पहली यात्री उड़ान से उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे भी नोएडा पहुंचेंगे। उनके साथ गौतमबुद्ध नगर के 75 कारोबारी भी मौजूद रहेंगे, जो इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।

पहली यात्री उड़ान के स्वागत के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों की शुरुआत को उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और हवाई संपर्क व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *