बच्चों को पढ़ाएं, शिक्षित-समृद्ध-सशक्त भारत बनाएं: सीएम योगी

लखनऊ, 04 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए अभिभावकों से कहा कि हर हाल में बच्चों को स्कूल भेजें, क्योंकि शिक्षित बच्चा ही समृद्ध और सशक्त भारत की नींव रखता है।

जनता दर्शन में कई अभिभावक अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा, जिस पर कुछ अभिभावकों ने बताया कि अभी बच्चों का एडमिशन नहीं कराया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीते 9 वर्षों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। बेसिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को ड्रेस, कॉपी-किताब, जूते-मोजे आदि के लिए 1200 रुपये सीधे अभिभावकों के खातों में दिए जा रहे हैं। साथ ही, बच्चों को पौष्टिक मिड-डे मील भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का जल्द से जल्द स्कूल में नामांकन कराएं।

9 वर्षों में यूपी की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा सुधार, युवाओं को नौकरी का भरोसा

कार्यक्रम में पहुंचे युवाओं से मुख्यमंत्री ने रोजगार को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष भी विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा, “आप केवल अपनी तैयारी पर ध्यान दें। किसी सिफारिश की जरूरत नहीं है। हमारी सरकार में योग्यता के आधार पर ही नौकरी मिलती है।”

इसके अलावा जनता दर्शन में अवैध कब्जे की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे और पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जे जैसी शिकायतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *