अवैध खनन पर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- साजिश के तहत खत्म किया जा रहा बांदा

लखनऊ, 18 मई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांदा में कथित अवैध खनन को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। बांदावासियों के नाम जारी एक भावुक अपील में उन्होंने आरोप लगाया कि निर्मम उत्खनन के जरिए बांदा को साजिशन खत्म किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि “अगर शोषण और दोहन इसी तरह जारी रहा तो एक दिन दुनिया कहेगी — एक था बांदा।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में पल रहे ठेकेदार प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन कर रहे हैं, जिससे बांदा की पहचान और अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।

सपा प्रमुख ने कहा कि अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से स्थानीय पैदावार चक्र प्रभावित हुआ है। रोजगार और कारोबार के अवसर कम होने से लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांदा “प्राकृतिक पलायन” का शिकार बनता जा रहा है, जिससे वहां की संपत्तियों और सामाजिक प्रतिष्ठा का मूल्य लगातार घट रहा है।

उन्होंने बांदा की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को बचाने की अपील करते हुए स्थानीय नागरिकों, पत्रकारों, पर्यावरण प्रेमियों, छात्र-युवा संगठनों, महिला समूहों और सामाजिक संगठनों से राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बांदा पर्यावरणीय और सामाजिक दृष्टि से अपनी पहचान खो देगा तथा उसका आर्थिक महत्व भी समाप्त हो जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *