पहले माफिया पलते थे, तमंचे बनते थे, आज ब्रह्मोस बन रही है: योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विपक्ष को योगी की दोटूक, बोले- आस्था से खिलवाड़ न करें, सबूत हैं तो एसआईटी को दें

लखनऊ, 05 जुलाई (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारें हर जिले में माफिया पालती थीं और अपने गुर्गों से तमंचे बनवाती थीं, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे लिए राष्ट्र की सुरक्षा महत्वपूर्ण है, जबकि उनके लिए अपना लूट तंत्र मजबूत करना अहम था।”

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की चिंता इस बात को लेकर है कि जिन तबकों को वे जाति के आधार पर बांटते थे, उन्हें भाजपा की डबल इंजन सरकार ने गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से देश की मुख्यधारा से जोड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि अब विपक्षी दल निराश होकर भारत की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल राष्ट्र को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि यह स्थल राष्ट्र के तीन महान व्यक्तित्वों—डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी—की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने भारत की आत्मा और राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूत किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का संकल्प लिया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उनके सपने को साकार किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में संचालित सभी प्रमुख योजनाएं बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब व्यक्ति तक पहुंची हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय की यह प्रेरणा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दी थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे धरातल पर उतारने का कार्य किया है। आज शासन की प्रत्येक योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के गरीब और पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *