अम्बेडकरनगर, 05 जून (यूएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ तथा हज विभाग के मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को पौराणिक धार्मिक स्थल श्रवण धाम में पौधरोपण कर जनपद में वृक्षारोपण महाअभियान तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून तक संचालित होने वाले व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।
श्रवण धाम में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने समाज से बेटा-बेटी में भेदभाव समाप्त कर दोनों को समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने जेल रोड स्थित लोरपुर ताजन पौधशाला का निरीक्षण कर वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जनपद में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध हैं तथा सभी विभागों को पौधों की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है।
इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने 05 जून से 21 जून तक संचालित होने वाले जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल, सह-नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
अभियान के तहत 06 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में चौपाल, संवाद और जनसभाओं के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
11 से 14 जून तक जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेस वार्ता और मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 14 से 16 जून तक सभी विकासखंडों में जन-कल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे। इन शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, अटल पेंशन योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा एक जनपद-एक उत्पाद योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जबकि 17 से 20 जून तक कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित कर लगभग 500 किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जीवामृत, बीजामृत तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद से लेकर विकासखंड स्तर तक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने भीषण गर्मी को देखते हुए विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कृषि विभाग को किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, प्रभागीय वनाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
