लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि बने देश के नए सीडीएस, थिएटराइजेशन योजना होगी बड़ी चुनौती

नई दिल्ली, 31 मई 2026। लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने रविवार को भारत के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया है, जिनका कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया।

देश के नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष के रूप में जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी तीनों सेनाओं—थल सेना, नौसेना और वायुसेना—के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा लंबे समय से प्रस्तावित थिएटराइजेशन योजना को आगे बढ़ाना होगी।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, थिएटराइजेशन मॉडल के तहत तीनों सेनाओं की क्षमताओं को एकीकृत करते हुए संयुक्त सैन्य कमान (इंटीग्रेटेड थिएटर कमांड) का गठन किया जाना है। इस योजना को भारतीय सैन्य सुधारों के सबसे महत्वपूर्ण कदमों में माना जा रहा है।

पाकिस्तान और चीन से जुड़े सामरिक मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले जनरल सुब्रमणि इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे थे। वह 31 जुलाई 2025 को सेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

चार दशक से अधिक लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न संवेदनशील और रणनीतिक क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं। उन्होंने सेना में कई महत्वपूर्ण कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी पदों पर कार्य किया है तथा विभिन्न सैन्य अभियानों और रणनीतिक जिम्मेदारियों का नेतृत्व किया है।

जनरल सुब्रमणि ने एक जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख के रूप में सेवाएं दीं। इससे पहले वह मार्च 2023 से जून 2024 तक मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) के पद पर रहे थे।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच नए सीडीएस के रूप में जनरल सुब्रमणि की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। विशेष रूप से चीन और पाकिस्तान से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों, आधुनिक सैन्य तकनीक के समावेशन तथा संयुक्त सैन्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उनसे महत्वपूर्ण निर्णयों की अपेक्षा की जा रही है।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत अपनी सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन और संयुक्त सैन्य कमान की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नए सीडीएस के रूप में जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि इन प्रयासों को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *