स्मार्ट मीटर से बढ़ीं परेशानियां, महिलाओं का आरोप—बिना बताए प्रीपेड को पोस्टपेड में बदला

लखनऊ, 18 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। तकनीकी खामियों और अनियमित बिलिंग की शिकायतों के बीच कई इलाकों में घंटों बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के अहिबरनपुर क्षेत्र में 11 केवी लाइन की गार्डिंग टूटने से करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं शिवनगर इलाके में भी लगभग एक घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को गर्मी में खासी दिक्कत उठानी पड़ी।

महिलाओं ने पार्षद से की शिकायत

इन समस्याओं को लेकर मनकामेश्वर वार्ड की महिलाएं स्थानीय पार्षद रंजीत सिंह यादव के पास शिकायत लेकर पहुंचीं। महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार बिल माइनस में चला जाता है, जिसके बाद अचानक बिजली काट दी जाती है। इससे घरों में रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बिना सूचना बदला मीटर सिस्टम

पार्षद ने बताया कि मामला गंभीर है और इसे विधायक नीरज बोरा के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना उपभोक्ताओं को जानकारी दिए प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदल दिया गया, जिससे खासकर गरीब तबके के लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

कार्रवाई का आश्वासन

पार्षद ने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभाग से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। वहीं महिलाओं ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी गड़बड़ियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए और बिलिंग प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *