महिला आरक्षण बिल न पास होने पर लखनऊ में प्रदर्शन, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने जताया विरोध

लखनऊ, 18 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित न होने के विरोध में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी की और कड़ी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, एम.के. स्टालिन समेत अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ विरोध जताते हुए उनकी तस्वीरों को पैरों से रौंदा। प्रदर्शनकारियों ने “महिला विरोधी सोच” के आरोप लगाते हुए कांग्रेस और अन्य दलों के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

पुलिस से हुई नोकझोंक

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

संगठन का आरोप—महिलाओं के अधिकारों से वंचित किया गया

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने मिलकर महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को गिराकर महिलाओं के अधिकारों से उन्हें वंचित करने की कोशिश की है।

उन्होंने कहा कि संगठन सपा और कांग्रेस कार्यालय तक मार्च करना चाहता था, लेकिन पुलिस ने पहले ही रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने उठाए सवाल

प्रदर्शन में शामिल सोफी शर्मा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो दल महिला सशक्तिकरण और समानता की बात करते हैं, वही इस बिल का विरोध क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता, लेकिन इसे पारित नहीं होने दिया गया।

एक अन्य महिला प्रदर्शनकारी ने पुलिस की रोक-टोक पर नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या हम आतंकवादी हैं, जो हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं करने दिया जा रहा है?” उन्होंने विपक्षी नेताओं से जवाब मांगते हुए कहा कि महिलाओं के मुद्दे पर उनकी चुप्पी समझ से परे है।

प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि वे इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेंगे और आने वाले दिनों में विपक्षी दलों का घेराव भी करेंगे।

प्रदर्शन के दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को काबू में रखा गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *