लखनऊ, 19 मई 2026 (यूएनएस)। राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उससे पैदा हो रहे वैश्विक आर्थिक संकट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के सामने बड़ा आर्थिक संकट आने वाला है और इसका सबसे ज्यादा असर आम जनता, युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।
अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। वहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “अब आर्थिक तूफान आने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने अदाणी और अंबानी वाला जो ढांचा बनाया है, वह खड़ा नहीं रह पाएगा, बल्कि पूरा टूटेगा।”
राहुल गांधी ने कहा कि इस आर्थिक संकट का असर बड़े उद्योगपतियों या सरकार पर नहीं, बल्कि आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता को आर्थिक झटका लगेगा। यह शॉक अदाणी, अंबानी या प्रधानमंत्री मोदी को नहीं लगेगा, बल्कि यूपी के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को लगेगा। बहुत कठिन समय आने वाला है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक संकट से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने के बजाय दूसरी बातों में उलझी हुई है। राहुल गांधी ने कहा, “एक्शन लेने के बजाय प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाइए, जबकि प्रधानमंत्री खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर भारत पर भी तेजी से पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में आम लोगों को महंगाई और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है।
