अखिलेश यादव की अपील, आंधी-तूफान पीड़ितों की मदद करें सपा कार्यकर्ता

लखनऊ, 14 मई 2026। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए आंधी-तूफान और बारिश से हुए भारी नुकसान पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने की अपील की है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लखनऊ सहित विभिन्न जिलों में आंधी-तूफान और बारिश से हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं और राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग करें।

उन्होंने राज्य सरकार से राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने की मांग करते हुए कहा कि घायलों के लिए बेहतर और मुफ्त इलाज की तत्काल व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द भोजन, पानी और अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए।

सपा अध्यक्ष ने मृतकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार, फसल, वाहन और अन्य संपत्तियों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की भी मांग की।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को अचानक मौसम बदलने के बाद तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 89 लोगों की मौत हो गई।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *