राजधानी में झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत; कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

लखनऊ, 13 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच मौसम के अचानक बदले मिजाज से वातावरण सुहावना हो गया। बारिश के चलते शहर का तापमान भी नियंत्रित रहा और लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश सहित देश के 16 राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और केरल में मौसम सक्रिय रहेगा।

प्रदेश में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, गोरखपुर, बांदा और देवरिया समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना व्यक्त की गई है। कुछ स्थानों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के आसपास खड़े न होने की चेतावनी दी गई है।

राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *