बांदा, 27 मई 2026 (यूएनएस)। मंडल के गेहूं खरीद केंद्रों पर बोरों की कमी और गेहूं के समय पर उठान न होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया प्रभावित होने से किसानों को दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त अजीत कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय किसान यूनियन ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर बताया कि मंडल के विभिन्न जिलों में संचालित गेहूं खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही खरीदे गए गेहूं का समय पर उठान भी नहीं हो रहा है, जिससे केंद्रों पर अव्यवस्था बढ़ रही है।
किसानों का कहना है कि कई दिनों तक खरीद केंद्रों के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी उपज की खरीद नहीं हो पा रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। किसान यूनियन ने सभी खरीद केंद्रों पर पर्याप्त बोरे उपलब्ध कराने और गेहूं उठान की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से संचालित करने की मांग की।
मामले पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त अजीत कुमार ने संयुक्त खाद्य निगम, यूपी एग्रो और भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल के सभी खरीद केंद्रों पर तत्काल प्रभाव से पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध कराए जाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया बाधित न हो।
आयुक्त ने गेहूं के नियमित और समयबद्ध उठान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या शोषण की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को खरीद केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, व्यवस्थाओं की निगरानी बनाए रखने तथा मंडल के सभी जिलों से समन्वय स्थापित कर खरीद कार्य की दैनिक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही उपलब्ध स्टॉक और खरीद की वास्तविक रिपोर्ट प्रतिदिन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
