Read Now News Read Now News Hindi Samachar
E-Magazine Admin

जनगणना-2027 कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

लखनऊ, 27 मई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने फील्ड स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण और आवास गणना कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम जोन-1 के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का भ्रमण कर मौके पर चल रहे कार्यों की स्थिति जानी।

डीएम ने फील्ड में तैनात प्रगणकों और सुपरवाइजरों से संवाद कर डेटा संग्रहण की प्रक्रिया और कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गणना से जुड़े अभिलेखों, प्रपत्रों और डिजिटल माध्यम से किए जा रहे डेटा संकलन का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन अपार्टमेंट्स या बहुमंजिला भवनों में जनगणना कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है, वहां राजस्व निरीक्षकों को भेजकर लोगों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही स्थानीय निवासियों से सहयोग सुनिश्चित कराने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि फील्ड में तैनात कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रतिदिन कार्य की समीक्षा हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता और सटीकता के साथ संपन्न कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार सिंह, जोनल अधिकारी जोन-1 सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *