Read Now News Read Now News Hindi Samachar
E-Magazine Admin

निक्की भाटी मौत मामले में 9 महीने बाद समझौता, पंचायत में बनी सहमति

नोएडा, 27 मई 2026 (यूएनएस)। ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी मौत प्रकरण में करीब नौ महीने से चला आ रहा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। पंचायत की मध्यस्थता में दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया है। कई दौर की बातचीत के बाद बच्चों के भविष्य और पारिवारिक हितों को ध्यान में रखते हुए यह सहमति बनी।

समझौते के तहत निक्की भाटी की बहन कंचन अपने ससुराल वापस जाएंगी। साथ ही निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति हस्तांतरित करने पर भी दोनों परिवारों के बीच सहमति बनी है। परिवार के लोगों का कहना है कि यह फैसला बच्चों के अधिकार सुरक्षित करने और उनका भविष्य बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार समझौते के बाद निक्की का परिवार अदालत में एफिडेविट दाखिल कर मामले को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगा। बताया जा रहा है कि पंचायत में दोनों पक्षों के बुजुर्गों और समाज के गणमान्य लोगों के बीच लंबी चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।

गौरतलब है कि 21 अगस्त 2025 को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके चलते मामला काफी चर्चा में रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की थी और निक्की के पति विपिन भाटी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।

इस मामले में निक्की की सास, ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, जबकि विपिन भाटी अभी भी जेल में बंद है।

घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था, लेकिन अब पंचायत की पहल के बाद विवाद खत्म होने की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *