लखनऊ, 17 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में एटीएम मशीन तोड़कर कैश चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी एक प्राइवेट कंपनी में टीम लीडर के पद पर कार्यरत है और कर्ज के दबाव में आकर उसने इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
गिरफ्तार युवक की पहचान उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के शेरशाह गांव निवासी गुलशन कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बंथरा स्थित Zomato के वेयरहाउस में टीम लीडर के रूप में कार्य करता है और शेयर मार्केट व क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करता था। लगातार घाटा होने के कारण उस पर 6 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया था, जिससे परेशान होकर उसने एटीएम तोड़कर पैसे चोरी करने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल की सुबह बंथरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित Hitachi एटीएम बूथ में आरोपी हेलमेट पहनकर घुसा और सब्बल से करीब 7 मिनट तक मशीन तोड़ने की कोशिश करता रहा। हालांकि, वह मशीन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त नहीं कर सका और कैश निकालने में असफल रहा, जिसके बाद मौके से फरार हो गया।
आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2024 में प्रेम विवाह किया था, जिससे नाराज होकर परिवार ने उसे अलग कर दिया था। वर्तमान में वह बंथरा के उम्मेदखेड़ा गांव में किराए पर रह रहा था।
बंथरा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सब्बल, कटर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एटीएम संचालक शौर्य श्रीवास्तव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
