लखनऊ, 18 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाते हुए 3×800 मेगावाट क्षमता की नई तापीय ऊर्जा परियोजना को मंजूरी दे दी है। 2400 मेगावाट क्षमता वाली इस परियोजना की कुल लागत लगभग 38,358 करोड़ रुपये होगी। परियोजना को प्रदेश सरकार और एनटीपीसी के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से स्थापित एवं संचालित किया जाएगा।
प्रदेश में भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए 765/400 केवी मीरजापुर पूलिंग उपकेंद्र (एआईएस) और संबंधित पारेषण लाइनों के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इस परियोजना के जरिए विभिन्न तापीय और पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं से उत्पादित बिजली के सुचारु निर्गमन को सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे प्रदेश की बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनेगी।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में 4000 मेगावाट नई तापीय ऊर्जा क्षमता जोड़ी गई है, जिससे राज्य की तापीय ऊर्जा क्षमता लगभग दोगुनी हो चुकी है। अब सरकार इसे तीन गुना करने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान एनटीपीसी के साथ इस परियोजना के लिए समझौता हुआ था और अब मंत्रिपरिषद की मंजूरी के साथ यह परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है।
मीरजापुर पूलिंग उपकेंद्र परियोजना के अंतर्गत अडानी मीरजापुर तापीय परियोजना, जेएसडब्ल्यू की पम्प्ड स्टोरेज परियोजना और अडानी सौर ऊर्जा परियोजना सहित कई ऊर्जा परियोजनाओं को मजबूत पारेषण नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। मीरजापुर पूलिंग उपकेंद्र को साझा सार्वजनिक अवसंरचना के रूप में विकसित किया जाएगा।
परियोजना की कुल अनुमानित लागत 2799.47 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें उपकेंद्र और ‘बे’ निर्माण के लिए 1315.91 करोड़ रुपये तथा पारेषण लाइनों के निर्माण के लिए 1483.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से उद्योगों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सस्ती, पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
