गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शनिवार को होगा शिलान्यास

लखनऊ, 15 मई 2026। गोरखपुर को शनिवार को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 मई को गोरखपुर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम खेल अवस्थापना के क्षेत्र में गोरखपुर को नई पहचान दिलाएगा।

शिलान्यास समारोह में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन ने ताल नदौर क्षेत्र में भूमि उपलब्ध कराई थी, जहां 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। औपचारिक शिलान्यास से पहले ही सरकार की ओर से जारी पहली किस्त 63 करोड़ 39 लाख रुपये से निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक भवन के अनुसार अब तक लगभग सात प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। स्टेडियम का निर्माण 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह ने इसे गोरखपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद गोरखपुर विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भी पहचाना जाएगा।

46 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा। स्टेडियम का निर्माण भूतल समेत दो मंजिला स्वरूप में किया जाएगा। मुख्य मैदान में खिलाड़ियों के लिए सात खेल पिच और चार अभ्यास पिच तैयार की जाएंगी।

स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी दर्शक दीर्घा में लगभग 14 हजार 490-14 हजार 490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। उत्तरी मंडप में 208 विशिष्ट अतिथि और 382 मीडियाकर्मियों के बैठने की सुविधा रहेगी, जबकि दक्षिणी मंडप में 1708 अति विशिष्ट एवं विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

रात्रिकालीन मुकाबलों के आयोजन के लिए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चार हाईमास्ट प्रकाश स्तंभ भी लगाए जाएंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *