समायरा कोहली का बड़ा उलटफेर, दूसरी वरीय मारिया पटेल को हराकर अंतिम 16 में प्रवेश

लखनऊ, 5 मई 2026। आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में भारत की गैर वरीय खिलाड़ी समायरा कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने दूसरी वरीय मारिया पटेल को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-1 से हराकर बालिका एकल के अंतिम 16 में जगह बना ली।

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन और केसरी स्पोर्ट्स द्वारा गोमतीनगर स्थित विजयंतखंड मिनी स्टेडियम में आयोजित इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन कई मुकाबले रोमांचक रहे। समायरा ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए मजबूत सर्विस और सटीक शॉट्स के दम पर मैच पर पकड़ बनाए रखी।

बालक वर्ग में कड़े मुकाबले
बालक एकल के पहले दौर में वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी ऋषि यादव को ऋभव सरोहा ने 6-1, 6-2 से हराया। वहीं शौनक चटर्जी, अथर्व श्रीरामोजू, पार्थिव नल्लागुंडला और श्रेयंत महंतेशा ने संघर्षपूर्ण जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

अथर्व श्रीरामोजू ने हर्ष मारवाहा को 7-6(6), 4-6, 6-2 से हराया। शौनक चटर्जी ने माधव दाधीच को 6-3, 3-6, 6-4 से मात दी। पार्थिव नल्लागुंडला ने दक्ष कुकरेती के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 0-6, 6-2, 6-3 से जीत हासिल की। वहीं श्रेयंत महंतेशा ने अमृत धनखड़ को 6-3, 4-6, 6-4 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

बालिका वर्ग में भी दिखा दमदार प्रदर्शन
बालिका एकल में चौथी वरीय हर्षा कार्तिका ओरुगांती ने तनुश्री मनेनी सतीश के खिलाफ पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए 1-6, 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की।

दीया अग्रवाल ने ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी को 6-3, 6-0 से हराया, जबकि शीर्ष वरीय एंजल पटेल ने प्राची मलिक को 6-1, 6-3 से पराजित किया।

मानवी गुप्ता ने मानवी राठी को 6-0, 6-0 से हराकर अपना दबदबा कायम रखा। वहीं क्वालीफायर शाजफा वानिया को तब जीत मिली जब उनकी प्रतिद्वंद्वी तमन्ना नायर मैच के दौरान रिटायर्ड हो गईं।

टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों का जोश और प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार दर्शकों को रोमांचित कर रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *