गौरी शुक्ला का धमाका, दोहरे खिताब पर कब्जा; पुरुष एकल में आकाश द्विवेदी बने विजेता लखनऊ जिला मुक्त मेज टेनिस प्रतियोगिता

लखनऊ, 4 मई 2026 (यूएनएस)। गौरी शुक्ला ने स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया द्वारा आयोजित लखनऊ जिला मुक्त मेज टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल और 19 वर्ष से कम आयु बालिका वर्ग में जीत दर्ज कर दोहरे खिताब अपने नाम किए। वहीं पुरुष एकल वर्ग में आकाश द्विवेदी ने विजेता बनकर बाजी मारी।

स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया मेज टेनिस अकादमी, स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया उत्कृष्ट खेल केंद्र, मॉडर्न अकादमी, विनय खंड-2, गोमतीनगर में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में बालक 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में अमर मणि शुक्ला तथा 11 वर्ष से कम आयु वर्ग में अमायरा सिंह और विराज सिंह ने खिताब अपने नाम किए।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. प्रसून शमसेरी (अस्थि रोग विशेषज्ञ, मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, लखनऊ) ने विशिष्ट अतिथि खेल प्रोत्साहक सत्येंद्र त्रिपाठी की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पांडेय ने की, जबकि आयोजन सचिव सुनील जोशी ने अंत में आभार व्यक्त किया।

पुरुष एकल के फाइनल में आकाश द्विवेदी ने अंकित वर्मा को 11-8, 8-11, 11-7, 11-3 से हराकर खिताब जीता। महिला एकल में स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया मेज टेनिस अकादमी की गौरी शुक्ला ने ताश्वी रस्तोगी को 7-11, 11-4, 12-10, 8-11, 11-6 से पराजित किया।

बालिका 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में भी गौरी शुक्ला ने ताश्वी रस्तोगी को 8-11, 10-12, 11-7, 11-9, 11-6 से हराकर अपना दूसरा खिताब हासिल किया।

बालिका 11 वर्ष से कम आयु वर्ग में अमायरा सिंह ने आराध्या वर्मा को 8-11, 11-4, 11-9 से हराया। वहीं बालक 11 वर्ष से कम आयु वर्ग में विराज सिंह ने वर्चस्व के खिलाफ जीत दर्ज की। दूसरी ओर बालक 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के फाइनल में अमर मणि शुक्ला ने विनायक को 11-8, 11-7, 11-9 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *