हरिद्वार में प्रतीक यादव की अस्थियां विसर्जित, अपर्णा यादव बिलख पड़ीं

लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में गंगा में विसर्जित की गईं। इस दौरान परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे और माहौल बेहद भावुक हो गया।

अस्थि विसर्जन के दौरान अपर्णा यादव फूट-फूटकर रो पड़ीं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला। वहीं छोटी बेटी पद्मजा ने अस्थि कलश को माथे से लगाया और फिर भावुक होकर रोने लगी। उसने “आई लव यू पापा” लिखा एक कार्ड भी गंगा में प्रवाहित किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

अस्थियों का विसर्जन आदित्य यादव ने किया। इससे पहले योग गुरु बाबा रामदेव की मौजूदगी में पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई।

पूजा के दौरान अपर्णा यादव अपनी बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ हाथ जोड़कर घाट पर बैठीं। परिवार के अन्य सदस्य भी इस दौरान मौजूद रहे।

अपर्णा यादव शनिवार सुबह परिवार के साथ चार्टर्ड विमान से लखनऊ से देहरादून रवाना हुईं। उनके साथ तेज प्रताप यादव, अक्षय यादव, उनके पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी मौजूद थे।

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर आदित्य यादव अस्थि कलश लेकर चलते दिखाई दिए। दोपहर में परिवार देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से सभी सड़क मार्ग से हरिद्वार रवाना हुए।

हरिद्वार में अस्थि विसर्जन के बाद परिवार कनखल के लिए रवाना हो गया, जहां सभी स्वामी अवधेशानंद गिरी से मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। 14 मई को उनका अंतिम संस्कार किया गया था, जिसमें उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी थी। प्रतीक यादव, दिवंगत मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के पुत्र थे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *