लखनऊ विश्वविद्यालय में एक और छात्र का निष्कासन,छात्रों का 10वें दिन भी धरना जारी

लखनऊ,11 जून 2026 (यूएनएस)। लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक और छात्र को अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते निष्कासित कर दिया है। बीएएलएलबी के सेकेंड ईयर स्टूडेंट सत्यम यादव पर यह कार्रवाई की गई है। सत्यम को लखनऊ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध किसी भी महाविद्यालय में भविष्य में प्रवेश न देने का आदेश जारी किया गया है।

वहीं, एलयू कैंपस में निष्कासन के विरोध में सरस्वती प्रतिमा के पास धरने पर बैठे छात्रों का प्रदर्शन लगातार दसवें दिन भी जारी है। धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में पूर्व छात्रसंघ के पदाधिकारियों के अलावा सपा और कांग्रेस सरीखे कई विपक्षी दलों से जुड़े लोगों के आने का सिलसिला जारी है। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी छात्रों के पक्ष में खुलकर आवाज बुलंद की है।

इस बीच पूर्व सांसद धनंजय सिंह का भी छात्रों के समर्थन का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में धनंजय सिंह छात्रों के फीस वृद्वि के विरोध में प्रदर्शन करने की बात कही है। इसी बीच गुरुवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय पहुंचा और कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्र नेताओं के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने और बढ़ी हुई फीस पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव से कहा कि छात्र प्रतिनिधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और फीस वृद्धि के फैसले से छात्रों में व्यापक असंतोष है। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन को सकारात्मक पहल करते हुए दोनों मुद्दों की समीक्षा करनी चाहिए, ताकि शैक्षणिक माहौल प्रभावित न हो। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि संवाद के माध्यम से विवाद का समाधान निकाला जाना चाहिए और छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

कुलसचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, सुरेंद्र यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता अंशु अवस्थी, कुलदीप दिवाकर, संजय सिंह, अंकित तिवारी, अमित राय, श्रवण गुप्ता, अब्दुल्ला आजम, आर्यन मिश्रा और शमी खान शामिल रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *