लखनऊ, 26 जुलाई 2026 (यूएनएस)। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कारगिल के वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी स्वयं सीमा क्षेत्र में पहुंचकर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने गए थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लखनऊ के सभी सैनिक परिवारों को चिन्हित कर उनका सम्मान किया जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि शहीदों के परिजनों का सम्मान करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले परिवारों को हर संभव सहयोग और सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज देश को केवल बाहरी ही नहीं, बल्कि आंतरिक चुनौतियों के प्रति भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि आतंकवाद, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और समाज में भ्रम फैलाने वाली शक्तियों से सभी नागरिकों को सजग रहना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और झूठी सूचनाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य परखी जानी चाहिए और किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का हिस्सा बनने से बचना चाहिए।
मंत्री शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैनिकों और शहीद परिवारों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समारोह के दौरान कारगिल के अमर वीरों के परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, संतोष सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार, पूर्व सैनिक, शहीदों के परिजन तथा बड़ी संख्या में सैनिक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।