हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला में आज महाआरती, नहीं होगी नमाज; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

धार, 22 मई 2026। धार स्थित भोजशाला को लेकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के फैसले के बाद हिंदू पक्ष में खुशी का माहौल है। शुक्रवार को पहली बार ऐसा होगा जब भोजशाला परिसर में नमाज अदा नहीं की जाएगी और यहां विशेष महाआरती आयोजित की जाएगी।

बताया जा रहा है कि उच्च न्यायालय के फैसले से एक सप्ताह पहले यहां आखिरी बार नमाज पढ़ी गई थी। अदालत के आदेश के बाद अब हिंदू संगठनों ने पूजा-पाठ और महाआरती की तैयारियां तेज कर दी हैं।

वहीं, मुस्लिम पक्ष ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी है। जानकारी के अनुसार, 21 मई की रात विशेष अनुमति याचिका दाखिल की गई। माना जा रहा है कि इस मामले पर जल्द सुनवाई हो सकती है।

संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने धार जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भोजशाला परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरों में बांटा गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की दो कंपनियां भी धार में तैनात की गई हैं। प्रशासन ने आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर निगरानी बढ़ा दी है। शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *