योगी फिर होंगे सीएम का चेहरा, 2027 चुनाव को लेकर नितिन नवीन का बड़ा दावा

लखनऊ, 23 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पार्टी आगामी चुनाव में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही मैदान में उतरेगी।

एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का चेहरा पहले से तय है और इसमें कोई संशय नहीं है। उन्होंने कहा, “हम निश्चित रूप से कह रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे और उन्हीं के नेतृत्व में भाजपा 2027 का चुनाव लड़ेगी।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाने की स्थिति में है। नितिन नवीन ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि “पहले उत्तर प्रदेश को अपराध और वसूली के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वही प्रदेश बेहतर कानून-व्यवस्था और एक्सप्रेसवे के लिए पहचाना जा रहा है।” उन्होंने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है।

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और प्रदेश के कई शहर तेजी से विकसित हो रहे हैं।

वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता उसे नकार चुकी है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में सभी प्रमुख राजनीतिक दल 2027 के चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी यूपी के दादरी से अपने मिशन की शुरुआत कर दी है, जबकि बहुजन समाज पार्टी भी अपनी पकड़ मजबूत करने में लगी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *