नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक, गाड़ियां फूंकीं, पथराव से बिगड़े हालात; कई इलाकों में भारी जाम

नोएडा, 13 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहा मजदूरों का प्रदर्शन सोमवार को अचानक हिंसक हो गया। उग्र हुए श्रमिकों ने कई जगहों पर तोड़फोड़, आगजनी और पथराव किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।

जानकारी के अनुसार, विरोध की शुरुआत गुरुग्राम से हुई थी, जो धीरे-धीरे नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों तक फैल गई। प्रदर्शनकारी मजदूर न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हालिया बढ़ोतरी केवल 250 से 300 रुपये तक सीमित है, जो महंगाई के मुकाबले बेहद कम है।

फैक्ट्रियों के बाहर हंगामा, गाड़ियां बनीं निशाना
सोमवार को हालात उस समय बिगड़ गए जब कुछ प्रदर्शनकारी समूहों ने फैक्ट्रियों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। मदरसन ग्रुप की फैक्ट्री (सेक्टर-62) के बाहर जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए और कुछ गाड़ियों में आग लगा दी।

जब पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की तो उग्र भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

मजदूरों की मांग: न्यूनतम वेतन 18-20 हजार रुपये
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें 10 से 15 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है, जिससे गुजारा करना मुश्किल है। उनकी मांग है कि न्यूनतम वेतन 18 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।

मजदूरों ने यह भी बताया कि एनसीआर क्षेत्र में निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों को करीब 700 रुपये प्रतिदिन मिलते हैं, जो मासिक रूप से लगभग 21 हजार रुपये के बराबर होता है।

नोएडा-गाजियाबाद में जाम, प्रशासन अलर्ट
हिंसक प्रदर्शन के चलते गाजियाबाद तक यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया।

घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश
प्रशासन मजदूरों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है। जिला प्रशासन पहले ही कंपनियों के साथ बैठकें कर चुका है और कई निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

नोएडा जैसे बड़े औद्योगिक केंद्र में इस तरह के हिंसक प्रदर्शन से औद्योगिक शांति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *