“जब मीटर ही गड़बड़ तो रीडर से क्या उम्मीद” : अखिलेश यादव, मुर्गा बनाने का मामला फिर गरमाया

लखनऊ, 16 मई 2026 (यूएनएस)। मुरादाबाद के दलपतपुर बिजली घर में मीटर रीडर को मुर्गा बनाकर दंडित किए जाने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार पर निशाना साधा है।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “जब मीटर ही गड़बड़ है तो रीडर से क्या अपेक्षा की जा सकती है।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

पूरा मामला मुरादाबाद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र स्थित दलपतपुर बिजली घर का है। बीते 3 मई को बिजली विभाग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें विभागीय अधिकारी एक मीटर रीडर को मुर्गा बनाकर दंडित करते दिखाई दे रहे थे।

बताया गया कि संविदा पर तैनात मीटर रीडर रानू कुमार पर एक उपभोक्ता से बिजली बिल बकाया के नाम पर 25 हजार रुपये वसूलने और फर्जी रसीद देने का आरोप है। आरोप है कि उसने उपभोक्ता को कनेक्शन काटने की धमकी देकर रकम ली, लेकिन जमा नहीं कराई।

कुछ दिनों बाद बिजली निगम ने अभियान के दौरान उसी उपभोक्ता को दोबारा बकाया नोटिस भेज दिया, जिसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। नाराज लोग बिजली घर पहुंच गए। इसी दौरान मौके पर मौजूद एसडीओ ने मीटर रीडर को कार्यालय परिसर में ही मुर्गा बनाकर दंडित किया। बताया जा रहा है कि उसे करीब आधे घंटे तक इसी हालत में रखा गया।

घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब इसी वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

मामले ने तूल पकड़ने के बाद चीफ इंजीनियर ने एसडीओ की भूमिका की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *